मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 तथा सेवा सेतु सरकार आपके द्वार के अंतर्गत जनपद पंचायत कोतमा की ग्राम पंचायत कोठी में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के नागरिकों की सी.एम. हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा एवं निराकरण की कार्रवाई की गई। योजना के तहत आवेदन प्राप्त किए गए। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने शिविर क्षेत्र की विभिन्न शासकीय संस्थाओं एवं सेवा प्रदाता केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कोठी शिविर में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा, जिपं सीईओ श्रीमती अर्चना कुमारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री टीआर नाग, जनपद पंचायत कोतमा के अध्यक्ष श्री जीवन सिंह, जनपद पंचायत कोतमा के उपाध्यक्ष श्री अभिषेक सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कोतमा सुश्री शीतल ठाकुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
शिविर का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया गया। बालिकाओ द्वारा स्वागत गीत की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान एवं सेवा सेतु अभियान के उद्देश्यों तथा नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी दी गई।
जनपद पंचायत कोतमा के अध्यक्ष श्री जीवन सिंह एवं उपाध्यक्ष श्री अभिषेक सिंह ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान एवं सेवा सेतु अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिलने की बात कही। उन्होंने नागरिकों से शिविर में उपलब्ध विभिन्न विभागीय सेवाओं का लाभ लेने तथा अपनी समस्याओं एवं आवेदनों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करने का आह्वान किया।
शिविर स्थल पर महिला एवं बाल विकास, आजीविका मिशन, मत्स्य, उद्यानिकी, एलडीएम, आयुष्मान कार्ड, आधार अपडेशन, खाद्य, शिक्षा, कृषि, श्रम, पशुपालन, उच्च शिक्षा एवं पंजीयन सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। इसके साथ ही ग्राम पंचायत बेलगांव, बहेराबांध, मझौली, साजाटोला, बेनीबहरा, उमरदा, थानगांव, भाटाडांड एवं गुलीडांड के काउंटर भी स्थापित किए गए, जहां ग्रामीणों को आवश्यक जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। आयुष्मान कार्ड 3 हितग्राहियों, लाड़ली लक्ष्मी योजना के 3 हितग्राहियों, आजीविका मिशन के अंतर्गत 3 स्व-सहायता समूहों को सीसीएल कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन के 3 हितग्राहियों तथा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत 1 हितग्राही को हितलाभ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना के अंतर्गत 16 हितग्राहियों को भी हितलाभ वितरित किए गए। अधिकारियों द्वारा नागरिकों से प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं के निराकरण की कार्रवाई भी सुनिश्चित की गई। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
इसी क्रम में सेवा सेतु अभियान-‘सरकार आपके द्वार’ के तहत जिले के शेष विकासखंडों के जनपद मुख्यालयों में भी कैम्प आयोजित किए गए। कैम्पों में विभागीय स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं के निराकरण की कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन द्वारा जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से अभियान में सहभागिता कर शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने की अपील की गई।


