बैतूल जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोरगांव में मंगलवार को लगे शिविर में 345 हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। पंजीयन के बाद जरूरत के अनुसार उन्हें उपचार भी दिया गया।

यह शिविर स्वास्थ्य विभाग के सेवा से संकल्प अभियान के तहत आयोजित हुआ। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले अभियान में स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं।

बैतूल बाजार में 7 यूनिट रक्तदान

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बैतूल बाजार में आयोजित रक्तदान शिविर में 7 यूनिट रक्तदान हुआ। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार हुरमाड़े ने दोनों शिविरों की जानकारी दी।

बोरगांव के स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ उप सरपंच सुधाकर नावंगे ने किया। शिविर में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. केदार सिंह जाटव और स्वास्थ्य अमले ने सेवाएं दीं।

23 सितंबर को यहां लगेंगे शिविर

अभियान के अगले चरण में 23 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिचोली में स्वास्थ्य शिविर लगेगा। इसी दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोड़ाडोंगरी में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से निःशुल्क शिविर में जांच कराने और रक्तदान शिविर में भाग लेने की अपील की है। चिचोली और घोड़ाडोंगरी क्षेत्र के लोग 23 सितंबर को संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर इन सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।