जिला चिकित्सालय बुरहानपुर के चिकित्सकों ने अत्यंत जोखिमपूर्ण गर्भावस्था के एक जटिल मामले में सफल आपातकालीन ऑपरेशन कर गर्भवती महिला और नवजात शिशु की जान बचाने में सफलता हासिल की है। चिकित्सकों की सूझबूझ, तत्परता और टीमवर्क से 1 किलो 880 ग्राम वजन के शिशु का जन्म कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुरहानपुर निवासी महिला को आठ माह की गर्भावस्था के दौरान प्रसव संबंधी गंभीर परेशानी होने पर जिला चिकित्सालय के प्रसव कक्ष में लाया गया। महिला के पूर्व में तीन सिजेरियन ऑपरेशन हो चुके थे, जिसके कारण गर्भावस्था अत्यधिक जोखिमपूर्ण थी। तेज दर्द एवं मामले की गंभीरता को समझते हुए चिकित्सकों ने तत्काल आपातकालीन सिजेरियन ऑपरेशन का निर्णय लिया। चिकित्सकीय दल ने अत्यंत सावधानी और कुशलता से ऑपरेशन संपन्न किया। ऑपरेशन के पश्चात प्रसूता को गहन निगरानी के लिए चिकित्सा इकाई में रखा गया। सिविल सर्जन डॉ. दर्पण टोके ने बताया कि इस प्रकार का ऑपरेशन अत्यंत जटिल एवं जोखिमपूर्ण होता है। स्त्री रोग विशेषज्ञों, चिकित्सा दल, ऑपरेशन कक्ष के कर्मचारियों तथा अन्य सहयोगी टीमों के समन्वित प्रयासों से यह ऑपरेशन सफलतापूर्वक हो पाया। स्वास्थ्य विभाग गंभीर एवं जटिल परिस्थितियों में भी मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
सफलता की कहानी
सफल ऑपरेशन कर चिकित्सकों ने बचाई मां और नवजात की जान
- पढ़ने का समय
- 2 मिनट
- तारीख
- 4 नवंबर 2026
- जगह
- बुरहानपुर



