07 से 11 सितंबर तक प्रदेशभर की बालक-बालिका टीमें दिखाएंगी खेल प्रतिभा

स्कूल शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश के तत्वावधान में सोमवार, 07 सितंबर 2026 को छतरपुर में राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता 2026-27 (बेसबॉल, 14 वर्ष बालक/बालिका) का उत्साहपूर्ण वातावरण में भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नमः शिवाय अरजरिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अतिथियों ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक सालकांत बहादुर सिंह, लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 छतरपुर के प्राचार्य संतोष शर्मा, जिला बेसबॉल संघ के सचिव मानसिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रशांत त्रिवेदी तथा शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छतरपुर के उपप्राचार्य राजकुमार शर्मा सहित विभिन्न संभागों से आए जनरल मैनेजर, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं खेल गतिविधियों से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

07 से 11 सितंबर तक होंगे रोमांचक मुकाबले

राज्य स्तरीय शालेय बेसबॉल प्रतियोगिता 07 से 11 सितंबर 2026 तक छतरपुर में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न संभागों की 14 वर्ष आयु वर्ग की बालक एवं बालिका टीमें सहभागिता कर रही हैं। आगामी दिनों में विभिन्न संभागों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।

प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ उनमें अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना, आपसी सहयोग एवं खेल भावना का विकास करना है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन से जिले के खिलाड़ियों को प्रदेशभर के प्रतिभावान खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और अपनी खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर भी प्राप्त होगा।