कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढाओ योजना अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं के लिये सशक्त वाहिनी नि:शुल्क कोचिंग क्लास का आयोजन प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस गुना में किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज दिनांक 03 नवम्‍बर 2026 को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस गुना में सशक्त वाहिनी कक्षा के शुभारंभ एवं प्रतिभागी बालिकाओं एवं महिलाओं का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस गुना की प्राचार्य श्रीमती सुमनलता श्रीवास्त्व एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती अंजली खडगी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री यो‍गिता परमार द्वारा बताया कि प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी एक निश्चित लक्ष्य तैयार करके करनी चाहिये एवं पढाई एवं समय का सही पेटर्न बनाकर अपनी तैयारी शुरू करना चाहिये।

शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाकन प्राचार्य सुश्री श्‍वेता राजावत द्वारा बताया गया कि प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी के दौरान रोज़ 8 से 10 घंटे पूरी ईमानदारी से पढाई करना चाहिये। गलतियों को सुधारकर कल से बेहतर करने का प्रयास करते रहना चाहिये।

सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग श्री रिशु कुमार सुमन द्वारा बताया गया कि प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी सही रणनीति और अनुशासन के साथ करनी चाहिये। इसके लिये सिलेबस और परीक्षा पेर्टन को समझना, दैनिक समय सारणी बनाना, बुनियादी कितावों को चुनना एवं नियमित रिवीजन करना बहुत जरूरी है। श्री रिशु कुमार सुमन ने बताया कि आप अपने पसंदीदा विषयों को पहले पढकर पढाई की शुरूआत कर सकते है।

सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग श्री दिनेश कुमार चंदेल द्वारा सशक्त वाहिनी नि:शुल्क कोचिंग क्लास के बारे में जानकारी देते हुये बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्ता बनाने हेतु नि:शुल्क कोचिंग संचालित की जावेगी जिसमें विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं जैसे म.प्र. लोक सेवा आयोग, कर्मचारी चयन मंण्डल द्वारा आयोजित की जाने वाली परीक्षाएं एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी कराई जावेगी। जिसमें म.प्र. लोक सेवा आयोग से चयनित अधिकारीगण प्रतिभागी महिलाओं एवं बालिकाओं को पढाएगें। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागी बालिकाओं को बेटी बचाओ बेटी पढाओ योजना की डॉयरी, कैप वितरित की गई।