युवाओं में देश की अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं के प्रति आदर का भाव विकसित करने, सीमा पर तैनात सैनिकों की गतिविधियों व उनकी दिनचर्या से अवगत कराने तथा देश के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भौगोलिक स्थानों से परिचय कराने के उद्देश्य से ‘माँ तुझे प्रणाम’ योजना के तहत अनुभव यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस यात्रा के लिए हरदा जिले के प्रत्येक विकासखंड स्तर से 10 युवाओं (05 युवक और 05 युवतियों) का चयन किया जाएगा।

विकासखंड स्तर पर 1 एन.सी.सी., 1 एन.एस.एस., 1 खिलाड़ी, 1 मेधावी छात्र और 1 स्काउट युवक व युवतियों का पृथक-पृथक चयन किया जाएगा। विकासखण्ड समन्वयक सुश्री सलमा खान ने बताया कि इस हेतु आवेदक की आयु 31 दिसंबर 2027 की स्थिति में 15 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

योग्य एवं इच्छुक उम्मीदवार अपना आवेदन फॉर्म पूरी तरह भरकर 22 सितंबर 2026 तक कार्यालय, खेल और युवा कल्याण विभाग, सिविल लाइन हरदा में जमा कर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद मिलने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।