हरदा की शासकीय कन्या शाला में मंगलवार को लगे निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर में करीब 150 बालिकाओं ने चिकित्सा लाभ लिया। शिविर 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस और जिले में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किया गया।
एनीमिया से बचाव और संतुलित आहार पर जोर
आयुष विभाग की टीम ने लगभग 550 बालिकाओं को आयुर्वेद, पोषण और औषधीय पौधों के बारे में जानकारी दी। छात्राओं को पौधों की पहचान, उनके गुण, महत्व और उपयोग भी समझाए गए।
शिविर में एनीमिया से बचाव और संतुलित आहार से जुड़े विषयों पर विस्तार से बताया गया। बालिकाओं को योगासन, प्राणायाम और माहवारी के दौरान साफ-सफाई रखने की जानकारी भी दी गई।
टिमरनी और खिरकिया में भी लगे शिविर
आयुष विभाग ने टिमरनी के छिदगांवमेल और खिरकिया में भी ब्लॉक स्तरीय शिविर आयोजित किए। इन दोनों स्थानों पर 300 से अधिक लाभार्थियों ने आयुर्वेद चिकित्सा का लाभ लिया।
शासकीय कन्या शाला का शिविर जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा के मार्गदर्शन में आयुष विंग और आयुष विभाग हरदा ने आयोजित किया। इसमें आयुष चिकित्सकों के साथ शाला की प्राचार्य और शिक्षक भी मौजूद रहे।
जिले में सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलना है। इसी अवधि में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।



