श्रम विभाग द्वारा श्रम कानूनों के प्रभावी अनुपालन एवं श्रमिकों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से प्रारंभ की गई ‘ श्रम प्रहरी ’ पहल को नागरिकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इस पहल के अंतर्गत नागरिक एवं श्रमिक स्वयं जागरूक प्रहरी बनकर अपने आसपास बिना पंजीयन संचालित कारखानों एवं प्रतिष्ठानों की जानकारी श्रम विभाग तक पहुंचा सकते हैं।
अपंजीकृत इकाइयों में कार्यरत श्रमिक वेतन, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित वैधानिक लाभों से वंचित रह जाते हैं। इसी को दृष्टिगत रखते हुए श्रम प्रहरी पोर्टल के माध्यम से किसी भी अपंजीकृत इकाई की जानकारी जियो-टैग फोटो सहित ऑनलाइन दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। सूचना देने वाले व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखी जाती है।
श्रम प्रहरी पोर्टल पर अब तक अनेक सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। प्राप्त सूचनाओं पर आवश्यक कार्रवाई के लिए उन्हें संबंधित कार्यालयों को प्रेषित किया गया है। इससे श्रम कानूनों के पालन को सुनिश्चित करने तथा श्रमिकों को उनके वैधानिक अधिकार दिलाने में मदद मिल रही है।
इसी क्रम में हाल ही में संदीप रघुवंशी द्वारा श्रम प्रहरी पोर्टल के माध्यम से देवास नाका, इंदौर स्थित एक अपंजीकृत कारखाने की जानकारी विभाग को दी गई। विभाग द्वारा उक्त सूचना को संज्ञान में लेते हुए संबंधित कारखाने के पंजीयन की कार्यवाही की गई। उनकी इस सजगता एवं श्रमिक हित में किए गए सराहनीय प्रयास के लिए श्रम विभाग द्वारा उन्हें प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
श्रम विभाग द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने आसपास संचालित किसी भी अपंजीकृत कारखाने अथवा प्रतिष्ठान की जानकारी श्रम प्रहरी पोर्टल labour.mponline.gov.in पर उपलब्ध कराएं, ताकि श्रमिकों के हितों की रक्षा एवं श्रम कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।



