मछली पालन विभाग द्वारा आयोजित 5 दिवसीय विभागीय प्रशिक्षण एवं 2 दिवसीय प्रशिक्षण भ्रमण कार्यक्रम का शुभारंभ मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय, जबलपुर में किया गया। इस कार्यक्रम में जबलपुर जिले के सभी विकासखंडों से आए पट्टा धारक समितियों एवं समूहों के कुल 208 मत्स्य कृषकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन संयुक्त संचालक मत्स्योद्योग श्री गिरीश मेश्राम, मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय जबलपुर के डीन श्री सुनील कुमार महाजन, सहायक प्राध्यापक श्रीमती सोना दुबे एवं सहायक संचालक मत्स्योद्योग विभाग जबलपुर श्री राजा राज तिलक धुर्वे की उपस्थिति में हुआ।

उद्घाटन सत्र के दौरान अतिथियों ने मत्स्य कृषकों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों को मत्स्य पालन की आधुनिक तकनीकों, बेहतर प्रबंधन, एनएफडीपी पंजीयन, केसीसी और विभागीय शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर उनकी आय में वृद्धि करना है। 5 दिनों के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण के पश्चात कृषकों को 2 दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर भी ले जाया जाएगा, ताकि वे सफल मत्स्य पालन इकाइयों का प्रत्यक्ष अवलोकन कर सकें।

इस अवसर पर मत्स्य विभाग की ओर से सहायक मत्स्य अधिकारी श्री संजय भारद्वाज, श्री गोविंदा सिंह, मत्स्य निरीक्षक सुश्री सुनीता ढोके, सुश्री दीक्षा बैरागी, सुश्री आरती पटेल तथा मत्स्य जमादार श्री सुनील झरिया एवं श्री आकाश सहित बड़ी संख्या में विभागीय अमला और मत्स्य कृषक उपस्थित रहे।