अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बालिकाओं को खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करने एवं उनकी खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आदर्श महाविद्यालय एवं पीजी कॉलेज झाबुआ की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रोमांचक मुकाबले में आदर्श महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजय प्राप्त की।

प्रतियोगिता में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टॉस कराया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट भी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के समापन पर मंत्री सुश्री भूरिया ने विजेता आदर्श महाविद्यालय की टीम को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र एवं 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता पीजी कॉलेज झाबुआ की टीम को 3 हजार 500 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

मंत्री सुश्री भूरिया ने विजेता एवं उपविजेता टीमों की छात्राओं को बधाई देते हुए खेलों में निरंतर सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता के माध्यम से बालिकाओं में आत्मविश्वास, टीम भावना एवं खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

इस दौरान जिला अध्यक्ष श्री भानु भूरिया, अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री महेश मंडलोई, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती सुप्रिया बिसेन, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री मोनिका बघेल एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।