कटनी (29 अक्टूबर) - संकट की स्थिति में फंसी महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में कटनी जिले का वन स्टॉप सेंटर प्रभावी भूमिका निभा रहा है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग के मिशन शक्ति अंतर्गत संचालित वन स्टॉप सेंटर की टीम ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए एक महिला को चंद घंटों में सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी विजयराघवगढ़ श्री संतोष अग्रवाल ने देर शाम कटनी बस स्टैंड पर सुश्री रजनी (परिवर्तित नाम) को अकेले भटकते हुए देखा। उन्होंने तत्काल जिला कार्यालय महिला एवं बाल विकास को इसकी सूचना दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अब्दुल गफ्फार के मार्गदर्शन में सहायक संचालक सुश्री वनश्री कुर्वेती ने वन स्टॉप सेंटर की टीम को महिला की सहायता के लिए रवाना किया। वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक श्रीमती शैली तिवारी एवं उनकी टीम ने महिला को सुरक्षित रेस्क्यू कर उनसे संवेदनशीलता के साथ बातचीत की। महिला ने स्वयं को लखेरा क्षेत्र का निवासी बताया, लेकिन अपने घर का स्पष्ट पता नहीं बता सकी। इसके बाद विभागीय टीम ने पुलिस से समन्वय स्थापित किया और महिला को लेकर लखेरा क्षेत्र पहुंची। स्थानीय लोगों से पूछताछ और जानकारी जुटाने के बाद टीम महिला के घर तक पहुंचने में सफल रही। परिजनों ने बताया कि महिला करीब 10 से 12 दिन पहले बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों ने उन्हें तलाशने के कई प्रयास किए, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। महिला के सकुशल घर लौटने से परिजनों ने राहत की सांस ली। महिला को सुरक्षित वापस पहुंचाने पर परिजनों ने जिला प्रशासन कटनी और वन स्टॉप सेंटर की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
महिला
वन स्टॉप सेंटर बना संकटग्रस्त महिलाओं का मददगार 10 से 12 दिन पहले घर से लापता हुई महिला को चंद घंटों में सकुशल परिजनों से मिलाया

- पढ़ने का समय
- 3 मिनट
- तारीख
- 29 अक्टूबर 2026
- जगह
- कटनी



