चुटका परमाणु परियोजना को लेकर प्रशासन ने जनसंवाद को और मजबूत करते हुए ग्राम चुटका के ग्रामीणों से सीधे मुलाकात की। कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी ने चुटका गांव पहुंचकर ग्रामीणों के बीच चबूतरा पर बैठकर खुली चर्चा की, जिससे संवाद का माहौल सहज और भरोसेमंद बना। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने भूमि अधिग्रहण, मुआवजा (अवार्ड) वितरण, विस्थापन और पुनर्वास से जुड़ी अपनी आशंकाएं और सवाल रखे। उन्होंने मुआवजे की पारदर्शिता, पुनर्वास स्थल की सुविधाओं तथा आजीविका के विकल्पों को लेकर चिंता जताई। कलेक्टर श्री धोटे ने सभी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि शासन की मंशा पूरी तरह जनहित में है और प्रत्येक प्रक्रिया नियमों के तहत पारदर्शिता के साथ पूरी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र परिवार के साथ अन्याय नहीं होगा और सभी को नियमानुसार उचित मुआवजा एवं विस्थापन पैकेज दिया जाएगा। कलेक्टर ने बताया कि 2012 के बाद जिस परिवार की बेटी की शादी हो चुकी है उसे बेटी को भी पैकेज दिया जाएगा। उन्होंने एसडीएम को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक प्रभावित परिवार से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उन्हें अवार्ड, पुनर्वास नीति, प्लॉट आवंटन, बुनियादी सुविधाओं एवं अन्य लाभों की पूरी जानकारी समझाएं, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी ने भी ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पूरी प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए उनकी सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि नवनिर्मित पुनर्वास कॉलोनी को बेहतर सुविधाओं, पेयजल, सड़क, बिजली, स्कूल एवं स्वास्थ्य सेवाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे प्रभावित परिवारों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे प्रशासन के साथ सहयोग करें, ताकि विकास कार्य समयबद्ध रूप से पूरे हो सकें। संवाद के अंत में अधिकारियों ने ग्रामीणों की शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया और आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार सीधे संवाद के माध्यम से समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। इस दौरान एएसपी श्री पीएस वालरे एसडीएम श्री सीएल वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी और ग्रामीणजन उपस्थित थे।
सेहत
चुटका परमाणु परियोजना

कलेक्टर और एसपी ने नारायणगंज व चुटका के ग्रामीणों के साथ किया संवाद
- पढ़ने का समय
- 3 मिनट
- तारीख
- 14 नवंबर 2026
- जगह
- मंडला



