सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में नव प्रवेशित एमबीबीएस विद्यार्थियों के स्वागत एवं चिकित्सा शिक्षा के प्रति उनके दायित्वों का बोध कराने के उद्देश्य से व्हाइट कोट समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। यह महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाला एमबीबीएस का तीसरा बैच है।
कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. शशि गांधी, विशिष्ट अतिथि श्री विकास आचार्य, संस्थापक, लोटस वैली स्कूल, मंदसौर तथा महाविद्यालय के प्राध्यापकों द्वारा मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
समारोह के दौरान महाविद्यालय के समस्त विभागों के प्राध्यापकों एवं संकाय सदस्यों ने विद्यार्थियों से अपना परिचय साझा किया तथा अपने-अपने विषय एवं विभाग की भूमिका से अवगत कराया। इससे नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण एवं चिकित्सा शिक्षा की विभिन्न विधाओं को समझने का अवसर मिला।
मुख्य अतिथि अधिष्ठाता डॉ. शशि गांधी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में चिकित्सा पेशे के वास्तविक अर्थ एवं उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉक्टर बनना केवल एक शैक्षणिक उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण नैतिक एवं मानवीय जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के प्रत्येक चरण में अनुशासन, ईमानदारी, नैतिक मूल्यों एवं कर्तव्यनिष्ठा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि एक सफल चिकित्सक बनने के लिए विषयगत ज्ञान एवं चिकित्सकीय दक्षता के साथ संवेदनशीलता, विनम्रता और मानवीय दृष्टिकोण भी आवश्यक हैं।
विशिष्ट अतिथि श्री विकास आचार्य ने विद्यार्थियों को चिकित्सक बनने के लक्ष्य, उसके उद्देश्य एवं सामाजिक महत्त्व के संबंध में प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना और उसकी प्राप्ति के लिए निरंतर परिश्रम करना सफलता की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी ऊर्जा एवं समय को लक्ष्य की दिशा में केंद्रित रखते हुए समर्पण और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
समारोह का विशेष आकर्षण नवप्रवेशित विद्यार्थियों द्वारा चरक शपथ (Charak Oath) ग्रहण करना रहा। इस अवसर पर विद्यार्थियों को चिकित्सा व्यवसाय के नैतिक सिद्धांतों, मरीजों के प्रति सम्मान, विश्वास एवं संवेदनशील व्यवहार तथा समाज के प्रति अपने चिकित्सकीय दायित्वों के निर्वहन की शपथ दिलाई गई। व्हाइट कोट धारण करने के साथ विद्यार्थियों ने चिकित्सकीय जीवन की गरिमा, सेवा भावना एवं मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर शरीर रचना विभाग (Anatomy Department) द्वारा आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता के परिणामों की भी घोषणा की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता टीमों को अतिथियों एवं महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकों द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. सौमित्र सेठिया,डॉ श्वेता पांडे एवं उनकी टीम द्वारा सुव्यवस्थित रूप से किया गया। समारोह ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए चिकित्सा शिक्षा की यात्रा का एक प्रेरणादायी एवं स्मरणीय प्रारंभ प्रस्तुत किया।



