मुरैना जिले के पहाड़गढ़ विकासखंड स्थित चिन्नोनी चम्बल क्षेत्र में 16 सितम्बर को पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नौवें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत हुए आयोजन में पोषण चर्चा, प्रदर्शनी और रैली को शामिल किया गया।

स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों की दी जानकारी

पोषण प्रदर्शनी में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थ रखे गए। उपस्थित लोगों को इनके पोषण संबंधी लाभ और भोजन में उपयोग के बारे में बताया गया।

कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जाने वाले टेक होम राशन के महत्व की जानकारी भी दी गई। गर्भवती एवं धात्री माताओं, किशोरियों और समुदाय के सदस्यों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ इसमें भाग लिया।

रैली से संतुलित आहार अपनाने का संदेश

कार्यक्रम के अंत में पोषण जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें नारों के माध्यम से संतुलित और पौष्टिक आहार अपनाने तथा कुपोषण की रोकथाम का संदेश दिया गया।

यह आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक रमा सेन और अन्तरा फाउंडेशन के कार्यक्रम अधिकारी आरिफ हुसैन के नेतृत्व में हुआ। जिले में ये गतिविधियां कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन और जिला कार्यक्रम अधिकारी ओपी पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही हैं।