मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जन संवाद शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव में ही उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए तहसील, जनपद एवं अन्य शासकीय कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। जन संवाद शिविर में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनते हैं और जिन प्रकरणों का निराकरण तत्काल संभव है, उनका मौके पर ही समाधान करते हैं। अन्य प्रकरणों को सूचीबद्ध कर समय-सीमा में निराकरण की कार्रवाई की जाती है। शिविरों के माध्यम से आधार संबंधी सेवाएं, समग्र ई-केवाईसी, फार्मर आईडी, स्वामित्व योजना से संबंधित कार्य, स्वास्थ्य परीक्षण एवं विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों के समय और धन की बचत होगी तथा शासकीय सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान बनेगी।

यह बात कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जिले की जनपद पंचायत चावरपाठा की ग्राम पंचायत हीरापुर (ककरा) में आयोजित जन संवाद शिविर में कही। जन संवाद कार्यक्रम में हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित किया। ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों का पंजीयन एवं आवश्यक कार्यवाही की गई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं भी मुहैया कराई गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री देवेन्द्र गंगोलिया, श्री महिष मोदी, श्री राघवेन्द्र सिंह, सरपंच श्री कुलदीप दुबे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, जिला व जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, हितग्राही और नागरिकगण मौजूद थे।

ई-केवाईसी एवं फार्मर आईडी बनवाने की अपील

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने ग्रामीणों से समग्र ई-केवाईसी सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी कराने की अपील की। उन्होंने किसानों से फार्मर आईडी बनवाने का आग्रह करते हुए कहा कि कृषि संबंधी विभिन्न प्रक्रियाओं एवं उपार्जन पंजीयन में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। किसान संबंधित विभाग, पटवारी अथवा कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर पंजीयन करा सकते हैं।

स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीबी की पहचान पर जोर

जन संवाद शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। शिविर में उपलब्ध जांच सुविधाओं का लाभ लेकर ग्रामीण अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें। उन्होंने टीबी की समय पर पहचान एवं उपचार के महत्व पर भी जोर दिया।

बहुफसली खेती से बढ़ाएं किसानों की आय

कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने किसानों को खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए परंपरागत फसलों के साथ फल एवं सब्जियों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसान अपनी भूमि का बेहतर उपयोग करते हुए बहुफसली खेती (मल्टी क्रॉपिंग) अपनाएं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो और खेती में जोखिम भी कम हो। उन्होंने कहा कि किसान गेहूं, मूंग, उड़द जैसी परंपरागत फसलों के साथ नींबू एवं अन्य फलदार पौधे लगाएं तथा पौधों के बीच उपलब्ध भूमि में सब्जियों का उत्पादन करें। इससे फलदार पौधों के उत्पादन देने योग्य होने तक सब्जियों के माध्यम से अतिरिक्त आय अर्जित की जा सकती है। किसान अपनी आवश्यकता के लिए सब्जियां उगाने के साथ उनका विक्रय कर भी आमदनी बढ़ा सकते हैं।

प्राकृतिक खेती अपनाएं, उर्वरकों का संतुलित उपयोग करें

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने प्राकृतिक खेती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों से रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों का आवश्यकता से अधिक उपयोग नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार निर्धारित मात्रा में उर्वरकों एवं कीटनाशकों का उपयोग करें। अधिक मात्रा में उर्वरक डालने से उत्पादन उसी अनुपात में नहीं बढ़ता। इसलिए खेती की लागत कम करने, मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी प्रयास किए जाने चाहिए।

स्वरोजगार योजनाओं से आत्मनिर्भर बनने का अवसर

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, उद्योग एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों के माध्यम से स्वरोजगार से जुड़ी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र हितग्राही संबंधित विभागों से जानकारी प्राप्त कर नियमानुसार ऋण एवं अनुदान जैसी सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। इन योजनाओं से ग्रामीणों को अपना व्यवसाय शुरू करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और परिवार की आय में वृद्धि करने में सहायता मिल सकती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जन संवाद शिविर में पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का अधिकतम लाभ लें। शिविर के माध्यम से प्रशासन का प्रयास है कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही हो तथा शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी न हो।

जिला पंचायत सीइओ श्री गजेन्द्र सिंह नागेश ने कहा जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय स्तर पर शिविर आयोजित कर आमजन को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

हितग्राहियों को हितलाभों का हुआ वितरण

कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। स्वामित्व योजना के तहत श्री प्रफुल्ल राजपूत, श्री दीनदयाल लोधी, श्री दशरथ ब्राह्मण, श्री विशाल लोधी, श्री राजेश कटारे व श्री सुरेश विश्वकर्मा को नि:शुल्क रजिस्ट्री वितरित की गई। इसके अलावा 12 स्वसहायता समूह की महिलाओं को 54 लाख 50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत बलराम गुड़ उद्योग एवं दाल पैकेजिंग के लिए श्री इंद्रकुमार मालवीय को 8 लाख रुपये, ठाकुर राघवेन्द्र सिंह को मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना और श्रीमती उर्मिला ठाकुर को 10 प्लस एक बकरी इकाई योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत पूजा जाटव को लाभांवित किया गया। साथ ही टीबी मरीजों को उनके पोषण के लिए फूड बास्केट का भी वितरण किया गया।

विभिन्न विभागों के स्टॉलों से ग्रामीणों को मिली योजनाओं की जानकारी

शिविर में समग्र आईडी एवं ई-केवायसी, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, पशुपालन विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सामाजिक न्याय विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों का पंजीयन करने के साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।

ग्रामीणों को दी गई आधार संबंधी सेवाएं

जन संवाद शिविर के दौरान ग्रामीणों को आधार संबंधी सेवाएं मुहैया कराई गई। इस दौरान 2 नवीन आधार कार्ड बनाए गए तथा 35 आधार कार्ड अपडेट किए गए। इस प्रकार कुल 37 नागरिकों को आधार संबंधी सेवाओं का लाभ मिला।

जन विश्वास शिविर में 200 से अधिक ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

जन संवाद के दौरान आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा ग्रामीणजनों को स्वास्थ्य संबंधी जांचें की गई। शिविर में 200 से अधिक ग्रामवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान 117 ग्रामीणों का एक्स-रे किया गया। इसके अलावा आरबीएसके, गैर संचारी रोग- एनसीडी, नेत्र सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण किया गया। उन्हें आवश्यक परामर्श देकर नि:शुल्क दवाईयों का भी वितरण किया गया।

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित कृषकों और उद्यमियों ने साझा किए अनुभव

जन संवाद शिविर के दौरान कृषकों एवं उद्यमियों ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के अनुभव साझा किए। संवाद के दौरान हितग्राहियों ने बताया कि किस प्रकार शासन की योजनाओं से उन्हें आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने, कृषि कार्यों को बेहतर बनाने तथा स्वरोजगार एवं उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिली। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए योजनाओं से प्राप्त लाभ और उससे जीवन में आए बदलावों की जानकारी दी।