सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सांदीपनि विद्यालय, पांढुर्णा में जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता एवं वक्तृत्व कौशल को प्रोत्साहित करना रहा। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में कैलाशपति सिंधानिया स्कूल, रेमंड, सौंसर के नैतिक टेकाड़े ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़चिचौली के तस्लीम शेख ने द्वितीय तथा लिटिल फ्लावर स्कूल, पांढुर्णा के मंथन बालपांडे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार भाषण प्रतियोगिता में सुभाष मॉन्टेसरी स्कूल, सौंसर के अर्थव वड़स्कर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कैलाशपति सिंधानिया स्कूल, रेमंड, सौंसर की अनुजा पांडे ने द्वितीय तथा सरस्वती शिशु मंदिर, तीगांव की दीपाली नवघरे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र के साथ क्रमशः ₹ 2100, ₹ 1100 एवं ₹ 500 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में पूर्व शिक्षा मंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड़ के प्रतिनिधि के रूप में श्री संदीप मोहोड़, जिला अध्यक्ष पांढुर्णा श्री संदीप घाटोड़े, नगर पालिका अध्यक्ष पांढुर्णा श्री मोरेश्वर मर्सकोले, अजा-अजजा मोर्चा के सदस्य श्री बंटी छगानी, नगर मंडल अध्यक्ष पांढुर्णा एवं सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्री संदीप मोहोड़, श्री संदीप घाटोड़े एवं श्री बंटी छगानी ने सेवा संकल्प एवं विकसित भारत अभियान के संदर्भ में देशसेवा, देशभक्ति, आदर्श चरित्र एवं विद्यार्थी जीवन के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को संबोधित किया।
कार्यक्रम के अंत में विकासखंड शिक्षा अधिकारी पांढुर्णा श्री एच.बी. हांडे ने सभी उपस्थित अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजन से जुड़े सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ रचनात्मक एवं वक्तृत्व कौशल विकसित करने का अवसर मिलता है।



