ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुचारु पेयजल व्यवस्था आमजन की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकताओं में से एक है। कहीं पाइपलाइन में लीकेज होने से पानी व्यर्थ बह रहा था, तो कहीं हैंडपंप खराब होने और पेयजल की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीण परेशान थे। इन समस्याओं के समाधान के लिए ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। ऐसे में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप संचालित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान ग्रामीणों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है।

अभियान के माध्यम से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने ग्रामीणों की समस्याओं को उनके गांव में ही सुनने और उनका त्वरित निराकरण करने की पहल की। विभागीय अधिकारियों एवं मैदानी अमले ने शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया और पेयजल से संबंधित शिकायतों पर मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की। परिणामस्वरूप अनेक गांवों में पेयजल व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का समाधान हुआ और ग्रामीणों को राहत मिली।

शिकायतों को गंभीरता से लिया, गांवों में पहुंचा समाधान

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान- 2026 का शुभारंभ 7 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा छिंदवाड़ा जिले से किया गया। अभियान 8 जनवरी 2027 तक संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा विभिन्न सेक्टरों में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं।

इन शिविरों में प्राप्त शिकायतों के आधार पर विभाग ने ग्राम टेमनीसाहनी, नांदनवाड़ीमाल, अंबाड़ामाल, जामघाट, बामला, कौड़िया एवं जामलापानी सेक्टरों के विभिन्न ग्रामों में पेयजल व्यवस्था से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए कार्यवाही की।

कहीं नई पाइपलाइन बिछी, कहीं लीकेज सुधारकर बहाल की गई व्यवस्था

ग्राम टेमनीसाहनी में पुरानी पाइपलाइन एवं खराब सड़क से संबंधित समस्या ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। अभियान के दौरान शिकायत सामने आने पर विभाग द्वारा नवीन पाइपलाइन बिछाने के साथ खराब सड़क का रेस्टोरेशन का कार्य पूर्ण कराया गया। इससे पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। इसी प्रकार ग्राम नांदनवाड़ीमाल एवं अंबाड़ामाल में पेयजल पाइपलाइन में लीकेज की समस्या सामने आई। विभागीय कार्रवाई से पाइपलाइन का लीकेज ठीक कराया गया। इन कार्यों से ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही परेशानी का निराकरण संभव हुआ।

पेयजल की गुणवत्ता को लेकर दूर हुई ग्रामीणों की आशंका

ग्राम जामघाट में ग्रामीणों द्वारा पेयजल स्रोत एवं हैंडपंप के पानी की गुणवत्ता को लेकर आशंका व्यक्त की गई थी। विभाग ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जल स्रोतों एवं हैंडपंप के पानी के नमूने एकत्रित किए तथा विभागीय प्रयोगशाला में उनका परीक्षण कराया। परीक्षण में पेयजल के नमूने स्वीकार्य मात्रा में पाए गए। इससे ग्रामीणों की पेयजल गुणवत्ता संबंधी आशंका दूर हुई।

ग्राम जामलापानी के मरकावाड़ा क्षेत्र में पेयजल स्रोत से गर्म एवं गंदा पानी आने की शिकायत पर भी विभाग द्वारा त्वरित पहल की गई। पानी का नमूना लेकर परीक्षण के लिए उपखंडीय प्रयोगशाला भेजा गया। साथ ही हैंडपंप का सुधार कार्य भी कराया गया, जिससे समस्या के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हुई।

हैंडपंप सुधार और पेयजल उपलब्धता के लिए भी हुई पहल

ग्राम बामला में ग्रामीणों द्वारा हैंडपंप के सुधार के लिए शिकायत दर्ज कराई गई थी। विभाग द्वारा शिकायत का निराकरण करते हुए हैंडपंप का सुधार कार्य कराया गया।

वहीं ग्राम कौड़िया में सामूहिक नल कनेक्शन उपलब्ध नहीं होने की समस्या के समाधान के लिए कलेक्टर के निर्देशानुसार पर्याप्त पेयजल उपलब्धता वाले निजी जल स्रोत के अधिग्रहण के संबंध में ग्राम पंचायत से प्रस्ताव मांगा गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

संवाद, समन्वय और संवेदनशीलता से मजबूत हुआ जनविश्वास

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों ने ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे विभागीय अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर उपलब्ध कराया। विभागीय अमले ने शिकायतों के अनुसार तकनीकी परीक्षण, पाइपलाइन सुधार, हैंडपंप मरम्मत और जल गुणवत्ता परीक्षण जैसी आवश्यक कार्यवाहियां कीं। जहां अन्य स्तर पर निर्णय आवश्यक था, वहां संबंधित ग्राम पंचायत एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया गया।

यह पूरी पहल दर्शाती है कि जब शासन-प्रशासन आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनता है और विभागीय अधिकारी मैदानी स्तर पर सक्रिय होकर कार्य करते हैं, तो नागरिकों की मूलभूत समस्याओं का प्रभावी निराकरण संभव हो पाता है।

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा की गई यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ शासन और आमजन के बीच विश्वास के रिश्ते को भी मजबूत कर रही है। यही सुशासन की सार्थकता है कि नागरिकों की समस्याएं सुनी जाएं, उनका समयबद्ध समाधान हो और शासन की सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।