किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती की पद्धतियों एवं कृषि नवाचारों से जोड़ने के उद्देश्य से आज 4 नवंबर को कृषि उपज मंडी प्रांगण पांढुर्णा में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस महोत्सव में जिले के किसानों को कृषि वैज्ञानिकों के माध्यम से तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से किसानों को संबोधित करेंगे तथा उनसे सीधा संवाद भी करेंगे।
महोत्सव में प्रातः 11 बजे तक किसानों का कार्यक्रम स्थल पर आगमन एवं 11 बजे से 11:30 बजे तक पंजीयन किया जाएगा। इसके पश्चात 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं वैज्ञानिक परिचर्चा आयोजित होगी। इसमें कृषि वैज्ञानिक किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, कृषि उत्पादन बढ़ाने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देंगे। साथ ही कृषि नवाचारों एवं आधुनिक तकनीकों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
दोपहर 1 बजे अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 1:15 से 2 बजे तक आमंत्रित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों का उद्बोधन होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से किसानों को संबोधित करेंगे तथा उनसे संवाद करेंगे। इस दौरान किसानों को कृषि विकास, किसान हितैषी योजनाओं एवं आधुनिक तकनीकों के उपयोग से खेती को लाभकारी बनाने के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त होगा। कार्यक्रम के अंतिम चरण में दोपहर 3 बजे से 3:30 बजे तक उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों एवं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही कृषि विभाग द्वारा प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी उपयोगी जानकारियां प्रदान की जाएंगी।
जिला प्रशासन द्वारा जिले के समस्त किसानों से बलराम कृषि महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की गई है। किसान इस अवसर का लाभ उठाकर कृषि वैज्ञानिकों से खेती-किसानी से जुड़ी तकनीकी जानकारी प्राप्त करें तथा आधुनिक एवं उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाकर कृषि को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में आगे बढ़ें।



