जिले में एडिप योजना एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों तथा 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को लाभान्वित करने के लिए स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिन्हांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्रायसिकल, कृत्रिम अंग एवं अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिन्हित किया जाएगा। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), उज्जैन के सहयोग से आयोजित होने वाले इन शिविरों का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत 27 अक्टूबर, 2026 को खिलचीपुर, 28 अक्टूबर को नरसिंहगढ़, 29 अक्टूबर को ब्यावरा, 30 अक्टूबर को राजगढ़, 31 अक्टूबर को जीरापुर तथा 0 2 नवम्बर, 2026 को सारंगपुर में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविर में शामिल होने वाले दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों को यूडीआईडी कार्ड की छायाप्रति, दिव्यांगता दर्शाने वाले तीन पासपोर्ट साइज फोटो, समग्र आईडी, आधार कार्ड, बीपीएल राशन कार्ड, आय प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र एवं निवास प्रमाण-पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज साथ लाना होगा। दस्तावेजों के अभाव में पात्र हितग्राहियों के चयन एवं उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में कठिनाई हो सकती है। जिला पंचायत द्वारा समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजन एवं वृद्धजन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। साथ ही, शिविर आयोजन के लिए उपयुक्त स्थल का चयन कर दो दिवस के भीतर जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। शिविरों में हितग्राहियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टेंट, पंजीयन, बैठक व्यवस्था, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को दिए गए हैं।



