राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की बुधनी टीम ने दुर्गम एवं पहुंचविहीन ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। टीम ने आमजन तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की सराहनीय पहल की। सीमित स्वास्थ्य सुविधाओं वाले गांवों में टीम ने विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को उपलब्ध कराया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया के निर्देशन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम में मलेरिया की जांच, 25 से 30 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण तथा बच्चों का नियमित टीकाकरण किया गया। इसके साथ ही टीबी के संभावित मामलों की जांच एवं परीक्षण किया गया। एक सीएचडी के संदिग्ध मामले की पहचान कर विशेषज्ञ जांच के लिए रेफर किया गया। टीम ने स्थानीय ग्रामीणों से संपर्क कर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली और आवश्यक परामर्श दिया। गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं से लाभान्वित किया गया।
टीम की इस पहल से स्पष्ट हुआ कि बेहतर समन्वय और समर्पण के माध्यम से दुर्गम क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकती हैं। टीम का उद्देश्य है कि स्वास्थ्य सुविधाएं केवल अस्पतालों तक सीमित न रहें, बल्कि हर गांव और हर घर तक पहुंचें।



