कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने श्योपुर विकासखण्ड के ग्राम आसीदा में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उपस्थित किसानों एवं ग्रामीणों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि अन्नापूर्णा धरती मॉ हमें अन्न प्रदान करती है, इसलिए कोई भी किसानबंधु धान के अवशेष पराली को जलाकर नुकसान न पहुंचायें, यह न केवल पर्यावरणीय दृष्टि से उचित है, बल्कि पराली जलाने से तापमान बढने के कारण मिट्टी में मौजूद मित्र कीट जीवाणु जलकर नष्ट हो जाते है और भूमि की उपजाऊ क्षमता कम होती चली जाती है, इसलिए पराली का उचित प्रबंधन करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से पराली प्रबंधन के लिए सभी प्रकार का सहयोग प्रदान किया जा रहा है। वर्तमान में जिले में सीबीजी प्लांट के बेलर उपलब्ध है, जो निशुल्क रूप से किसानों के खेतो में जाकर पराली को काटने का कार्य कर रहे है। कृषि यंत्रों के संसाधन बढाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है तथा आज हुई चर्चा के अनुसार ओर भी बेलर जिले को उपलब्ध होने वाले है। स्ट्रा रीपर, सुपर सीडर आदि कृषि यंत्रो के माध्यम से भी पराली का प्रबंधन किया जा सकता है। इसके साथ ही जनसुनवाई के दौरान तम्बाकूयुक्त उत्पादों के दुर्व्यसनों से दूर रहने तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक मुद्दो पर भी चर्चा हुई।
ग्राम पंचायत भवन परिसर के समीप आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान एसडीएम श्री गगन सिंह मीना, सरपंच श्रीमती प्रसन्न मीणा, सीईओ जनपद श्री अभिषेक त्रिवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा आसीदा सहित आसपास के ग्रामों के ग्रामीणजन मौजूद रहें। जनसुनवाई के दौरान मांगों एवं समस्याओं से संबंधित एक-एक आवेदन पर चर्चा कर उनके निराकरण हेतु कार्यवाही की गई। कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कहा कि पोषण जोडो-पुडिया छोडो अभियान के तहत कहा कि पोषण स्वास्थ्य के प्रति सजगता जरूरी है। पुडिया-तम्बाकू खाने की लत एक दिन में नही छूट सकती, लेकिन हम संकल्प कर ले तो यह एक दिन जरूर छूट सकती है। इसी विचार के साथ न केवल स्वयं तम्बाकू का सेवन त्यागे, बल्कि अन्य लोगों को भी तम्बाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि बाल विवाह के प्रति समुदाय को सजग करते हुए कहा कि कम आयु में विवाह स्वास्थ्य की दृष्टि से हानिकारक है, मॉ स्वस्थ रहेगी तो बच्चें भी सुपोषित रहेंगे।
मौके पर दूर कराई पोर्टल की त्रुटि, अब मिलेगा संबल का लाभ
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा माखनाखेडली निवासी आवेदक श्री हनुमान केवट की समग्र पोर्टल से संबंधित समस्या का मौके पर ही निदान किया गया। आवेदन प्रस्तुत किया गया कि था कि उनकी पत्नि स्व. श्रीमती अंजनी केवट का निधन होने से मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना का लाभ प्रदान किया जायें। उक्त आवेदन के परीक्षण उपरांत पाया गया कि समग्र पोर्टल पर अंकित मृत्यु दिनांक एवं मृत्यु प्रमाण पत्र में अंकित दिनांक में भिन्नता होने के कारण लाभ नही मिल पा रहा है, इस पर कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा तत्काल डीजीएम ई-गर्वेनेस के माध्यम से तत्काल प्रक्रिया कराते हुए ओटीपी प्रदान कर उक्त त्रृटि को दूर कराया गया, जिससे अब संबल योजना के तहत दो लाख रूपये की अनुग्रह राशि प्राप्त होगी।
पेंशन की ई-केवायसी संबंधी समस्या को दूर करने के निर्देश
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा श्रीमती पुष्पा बाई को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की सुनिश्चिता करने के लिए ई-केवायसी संबंधी समस्या का निदान करने के निर्देश सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों को दिये गये। बायोमैट्रिक वेरीफिकेशन नही होने के चलते ई-केवायसी में आ रही समस्या को अन्य माध्यमों को अपनाकर दूर करने के निर्देश दिये।
बैरवा बस्ती में नवीन आंगनबाडी केन्द्र स्वीकृति का प्रस्ताव भेजा जायेगा
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा जनसुनवाई के दौरान आसीदा ग्राम की बैरवा बस्ती के लोगों की नवीन आंगनबाडी केन्द्र स्वीकृत किये जाने संबंधी सामुहिक मांग पर सीईओ जनपद को निर्देश दिये कि पंचायत के माध्यम से प्रस्ताव प्राप्त कर महिला बाल विकास विभाग को उपलब्ध कराया जायें तथा कलेक्टर के माध्यम से उक्त प्रस्ताव को महिला बाल विकास विभाग संचालनालय भोपाल स्वीकृति के लिए भेजा जायें।
नल कनेक्शन की समस्या का मौके पर कराया हल
जनसुनवाई के दौरान श्री पहलवान मीणा द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया कि नलजल योजना अंतर्गत नवीन नल कनेक्शन प्रदान किया जायें, इस पर पीएचई अधिकारियों एवं पंचायत पदाधिकारियों को समक्ष में निर्देश दिये गये कि निर्धारित शुल्क जमा कराकर आज या कल में कनेक्शन कर पालन प्रतिवेदन सीईओ जनपद के माध्यम से प्रेषित किया जायें। इस अवसर पर पीएचई ईई श्री अफजल अमानुल्ला ने जानकारी दी कि गांव में नलजल योजना का संचालन सतत् रूप से हो रहा है और 362 नल कनेक्शन संचालित है।
नाला निर्माण, रसोईयां पारिश्रमिक सहित अन्य आवेदनों के हुए निराकरण
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा जनसुनवाई के दौरान बैरवा बस्ती में नाला निर्माण तथा कुबेर जी महाराज मंदिर पर अटल सरोवर निर्माण के संबंध में वीबी जीरामजी योजना सहित अन्य योजनाओं में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश परियोजना अधिकारी श्री विक्रम जाट को दिये गये। मध्यान्ह भोजन समूह में संलग्न रसोईयां श्रीमती विंतोष मीणा के पारिश्रमिक भुगतान संबंधी आवेदन का तत्काल निराकरण करते हुए अवगत कराया गया कि राशि ऑनलाइन माध्यम से ट्रांसफर की प्रक्रिया में है तथा एक-दो दिन में राशि खाते में पहुंचेगी।




