शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 शिवपुरी में “उमंग है तो जिंदगी में रंग है, चुनौतियों से लड़कर, सकारात्मकता से गढ़ेंगे भविष्य” थीम पर उमंग दिवस का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक श्री प्रहलाद भारती उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य श्री विवेक श्रीवास्तव ने की।

कार्यक्रम का मंच संचालन एसएलटी उमंग एवं भौतिकी शिक्षक श्री दुर्गेश चौबे द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को उमंग कार्यक्रम के उद्देश्यों से परिचित कराते हुए “उमंग त्रिवेणी” पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम, “उज्ज्वल बदलाव हमसे” तथा “सशक्त कार्यक्रम” के माध्यम से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, जीवन कौशल, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सर्वांगीण विकास पर निरंतर कार्य किया जा रहा है।

रोचक गतिविधियों एवं खेलों का आयोजन उमंग दिवस के अवसर पर कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शिक्षाप्रद एवं व्यावहारिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिसमें कानाफूसी गतिविधि में संवाद, ध्यानपूर्वक सुनने तथा संदेश को सही रूप में आगे पहुँचाने के महत्व को समझाया गया।

वित्तीय प्रबंधन खेल गतिविधि में विद्यार्थियों को धन के उचित उपयोग, बचत, आवश्यकताओं एवं इच्छाओं के बीच अंतर तथा वित्तीय निर्णय लेने की समझ विकसित करने का अवसर मिला। शरीर के सभी अंगों में राजा बनने की होड़ गतिविधि के माध्यम से अंगों के आपसी समन्वय, महत्व एवं एक-दूसरे पर निर्भरता को रोचक तरीके से समझाया गया।

रोल-प्ले व नसरीन की कहानी- तनाव प्रबंधन पर रोल-प्ले प्रस्तुत कर तनाव की परिस्थितियों को पहचानने व सकारात्मक समाधान के उपाय सिखाए गए, वहीं नसरीन की कहानी से जीवन की चुनौतियों से निपटने और सकारात्मक दृष्टिकोण की प्रेरणा दी गई। रैपिड फायर क्विज़ः त्वरित एवं सही उत्तर देने वाले किशोर-किशोरियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अतिथियों व प्राध्यापकों का सम्बोधन प्राचार्य श्री विवेक श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, समय प्रबंधन, नियमित दिनचर्या, खेलकूद, पर्याप्त विश्राम तथा समस्याओं को शिक्षकों एवं अभिभावकों के साथ साझा करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि श्री प्रहलाद भारती ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

उपस्थिति एवं आभार कार्यक्रम में श्री हेमंत जैमिनी, श्री केदार वर्मा, श्रीमती नमिता जुनेजा, श्रीमती पुष्पा मिश्रा (खेल प्रशिक्षक), श्री अनिल रावत (आईटी एक्सपर्ट), श्री गिरीश शर्मा (विज्ञान सहायक) सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया गया तथा उमंग की शपथ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।