भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के कृषि प्रौद्योगिक अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान जोन 9, जबलपुर के निर्देशानुसार कृषि विज्ञान केंद्र शिवपुरी में राष्ट्रीय महिला किसान दिवस का आयोजन गतदिवस किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत केंद्र के प्रमुख डॉ. पुनीत कुमार के निर्देशन में जिले के विभिन्न ग्रामों से आईं महिला किसानों के स्वागत के साथ की गई। इस अवसर पर केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. लक्ष्मी ने ‘‘सशक्त महिला किसान, समृद्ध कृषि और खुशहाल ग्रामीण समाज’’ का संदेश देते हुए जल संरक्षण की महत्ता पर प्रकाश डाला।

राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के आयोजन का मुख्य उद्देश्य कृषि क्षेत्र में महिलाओं के अमूल्य योगदान को पहचानना, उनके अधिकारों व सहभागिता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कृषि विकास में उनकी भूमिका को प्रोत्साहित करना है। विशेष रूप से, वैश्विक स्तर पर संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 2026 को महिला किसान का अंतर्राष्ट्रीय वर्ष घोषित किया गया है, जो इस दिवस के महत्व को और अधिक रेखांकित करता है।

मेरी कहानी-मेरी कृषि और तकनीकी सत्र कार्यक्रम के दौरान मेरी कहानी-मेरी कृषि सत्र का आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत सफल महिला किसानों ने अपनी जुबानी अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। इसमें ग्राम गोहरी की रानी बाई तथा ग्राम मोहरा (विकासखंड कोलारस) की लच्छी बाई और भोटो बाई ने अपने कृषि अनुभव साझा किए। इसके पश्चात केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मुकेश कुमार भार्गव ने दलहन आत्मनिर्भरता अभियान के अंतर्गत रबी दलहनी फसलों की आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

वैज्ञानिकों का मार्गदर्शन एवं उपस्थिति कार्यक्रम में केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. प्रशांत कुमार गुप्ता, डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, डॉ. नीरज कुमार कुशवाह एवं श्री सतेंद्र गुप्ता द्वारा महिला किसानों को कृषि से जुड़े प्रशिक्षण, तकनीकी जानकारी, स्वरोजगार, उद्यमिता और मूल्य संवर्धन गतिविधियों के बारे में बताया गया। इस संगोष्ठी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में 40 से अधिक महिला कृषकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।