राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद सीधी द्वारा शुक्रवार को विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। सांसद डॉ राजेश मिश्रा के नेतृत्व में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नवीन बस स्टैंड में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। वहीं मुक्तिधाम, वार्ड क्रमांक 21 में पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर सफाई मित्रों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई किट) का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, देव कुमार सिंह चौहान, लालचंद गुप्ता, एसडीएम गोपद बनास प्रिया पाठक, पार्षदगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी महमूद हसन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने वृहद स्वच्छता अभियान में सहभागिता कर स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।

मुक्तिधाम परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं नगर में हरित वातावरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। इस दौरान नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की गई।

सफाई कार्य में निरंतर संलग्न सफाई मित्रों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें पीपीई किट वितरित की गई। इस अवसर पर सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए उनके कार्य को नगर की स्वच्छता व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संदेश दिया गया।