राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन में सीधी जिले ने प्रदेश के 52 जिलों में टॉप-3 में स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि कलेक्टर विकास मिश्रा के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे के नेतृत्व में अर्जित की गई है। कार्यक्रम में दर्शना महिला कल्याण समिति, छतरपुर का भी सहयोग रहा।

भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय साथिया समागम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन संचालक डॉ. सलोनी सिडाना ने सीधी जिले की टीम को सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने वालों में जिला स्वास्थ्य अधिकारी-2 डॉ. अजय प्रजापति, जिला कार्यक्रम समन्वयक पुष्पेन्द्र शुक्ला, मास्टर ट्रेनर्स, परामर्शदाता एवं साथिया शामिल रहे।

सीएमएचओ डॉ. अशोक कुमार खरे ने बताया कि जिले में किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, नशामुक्ति एवं जीवन कौशल को लेकर नियमित परामर्श, आउटरीच गतिविधियां और जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। सभी विकासखंडों में किशोर-अनुकूल स्वास्थ्य केंद्र (ए.एफ.एच.सी.) सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय स्वास्थ्य विभाग की टीम के सामूहिक प्रयास, बेहतर समन्वय और प्रभावी कार्ययोजना को देते हुए पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिले का लक्ष्य भविष्य में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करना है।