उज्जैन, 27 अक्टूबर। शासन द्वारा 70 वर्ष या इससे अधिक आयु के नागरिकों को भी प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) में शामिल किया गया है, जिससे अब वरिष्ठ नागरिक भी आयुष्मान भारत योजना का लाभ ले सकेंगे। जिले में निरंतर वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं।
70 वर्ष या इससे अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ नागरिक, जो निजी स्वास्थ्य बीमा योजनाओं या कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत नहीं आते, आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभ प्राप्त करने के पात्र होंगे। पात्रता का निर्धारण आधार कार्ड में दर्ज आयु के आधार पर किया जाएगा। पात्र वरिष्ठ नागरिकों को एक नया विशिष्ट कार्ड जारी किया जाएगा तथा पंजीकरण के लिए आधार कार्ड एवं समग्र आई.डी. (फेमिली आई.डी.) की आवश्यकता होगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला उज्जैन डॉ. विक्रम सिंह रघुवंशी ने बताया कि जिले की समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं में प्रतिदिन आयुष्मान कार्ड निःशुल्क बनाए जा रहे हैं। उन्होंने समस्त पात्र नागरिकों एवं 70 वर्ष या इससे अधिक आयु वर्ग के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आधार कार्ड एवं समग्र आई.डी. लेकर नजदीकी स्वास्थ्य संस्थाओं में संपर्क कर अपना आयुष्मान कार्ड बनवाएं।
आयुष्मान भारत “निरामायम” योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को रुपये 5 लाख प्रति परिवार प्रतिवर्ष स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्रदान किया जाता है। पात्र परिवार का चिन्हांकन सामाजिक, आर्थिक एवं जातीय जनगणना वर्ष 2011 के आधार पर किया गया है। योजना में अलग-अलग रोगों के इलाज के पैकेज तय कर दिए गए हैं। यह स्वास्थ्य सुरक्षा कवच कैशलेस है। उपचार का भुगतान सीधे अस्पताल को किया जाता है। शासन के निर्णय से अब 70 वर्ष या इससे अधिक आयु के नागरिकों को भी योजना में शामिल किया गया है। योजना का लाभ लेने के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाना अनिवार्य है।
लाभ लेने की प्रक्रिया* पात्र परिवार के सदस्य किसी भी बीमारी की स्थिति में शासकीय अस्पताल अथवा चिन्हित निजी अस्पताल जाकर चिकित्सक को दिखाएं। जांच एवं उपचार के पश्चात यदि सरकारी अस्पताल में उपचार संभव हो तो वहीं भर्ती किया जाएगा और यदि मेडिकल कॉलेज में ही संभव हो तो वहां रेफर किया जाएगा, जहां तय पैकेज के अनुसार उपचार मिलेगा।
सभी पात्र एवं 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों से अनुरोध है कि शीघ्र अपना आयुष्मान कार्ड बनवाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर योजना का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त हो सके।



