उमरिया जिले में पोषण माह 2026 की शुरुआत आंगनवाड़ी केंद्रों पर सामुदायिक भागीदारी के साथ हुई। इस वर्ष अभियान की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है।

शुभारंभ के अवसर पर जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण जागरूकता, जनजागरूकता और शपथ ग्रहण कार्यक्रम हुए। इनमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, बच्चों, हितग्राहियों और समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया।

केंद्रों को बेहतर बनाने की दिलाई शपथ

जिला कार्यक्रम अधिकारी रुचि बागरी ने विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों का भ्रमण कर शुभारंभ कार्यक्रमों में सहभागिता की। उन्होंने उपस्थित लोगों को आंगनवाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाने और बच्चों के पोषण व सर्वांगीण विकास के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रमों में बाल विवाह मुक्त समाज की स्थापना के लिए भी शपथ दिलाई गई। जिले में यह अभियान कलेक्टर राखी सहाय के मार्गदर्शन में शुरू किया गया है।

मातृ-शिशु पोषण पर केंद्रित रहेंगी गतिविधियां

पोषण माह के दौरान कुपोषण की रोकथाम तथा बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। गर्भवती और धात्री माताओं के पोषण पर भी कार्यक्रम केंद्रित रहेंगे।

अभियान का एक उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों के प्रति समुदाय की भागीदारी बढ़ाना भी है। जिले में माह के दौरान इसी लक्ष्य के साथ अलग-अलग आयोजन किए जाएंगे।