विदिशा शहर के होटल और रेस्टोरेंटों में खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के दौरान कृष्णा स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट से सोयाबीन तेल का नमूना लिया गया। नमूने को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने रविवार को शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इसका उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के लिए उनकी सुरक्षा की पड़ताल करना था।
इन प्रतिष्ठानों में हुई जांच
निरीक्षण में कृष्णा स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट, सैफ्रन रेस्टोरेंट, ग्रांड भेलसा होटल और रिवर साइड मीडो सहित विभिन्न प्रतिष्ठान शामिल रहे। वहां खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था और सामग्री के सुरक्षित भंडारण की स्थिति देखी गई।
अधिकारी ने खाद्य अनुज्ञप्ति और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के पालन की भी जांच की। संचालकों को खाद्य सामग्री के रख-रखाव और निर्माण के दौरान स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
जांच रिपोर्ट के बाद तय होगी कार्रवाई
संचालकों से सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने को कहा गया। उपभोक्ताओं को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री देने के लिए जरूरी सावधानियां बरतने के निर्देश भी दिए गए।
सोयाबीन तेल के नमूने की प्रयोगशाला रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार जिले में प्रतिष्ठानों की नियमित जांच और नमूना संग्रह आगे भी जारी रहेगा।



