जिले के गुलाबगंज निवासी श्री हिमांशु चिड़ार, पिता श्री दुर्ग सिंह चिड़ार, ने अपनी मेहनत, लगन और तकनीकी शिक्षा के बल पर सफलता की एक प्रेरणादायक कहानी लिखी है। एक साधारण मजदूर परिवार से आने वाले हिमांशु के पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद हिमांशु ने अपने सपनों को साकार करने का संकल्प लिया और तकनीकी शिक्षा को अपने भविष्य का आधार बनाया। हिमांशु ने वर्ष 2023 में आईटीआई से वेल्डर व्यवसाय में प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया। आईटीआई से प्राप्त तकनीकी ज्ञान एवं व्यावहारिक कौशल ने उन्हें रोजगार प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर दिया। वर्तमान में वे भोपाल स्थित वोल्वो आयशर कमर्शियल व्हीकल्स ( VECV) कंपनी में कार्यरत हैं, जहाँ उन्हें लगभग ₹15,000 प्रतिमाह वेतन प्राप्त हो रहा है।

हिमांशु की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि आर्थिक परिस्थितियाँ किसी व्यक्ति की प्रतिभा और आगे बढ़ने की इच्छा को रोक नहीं सकतीं। सही मार्गदर्शन, कौशल आधारित प्रशिक्षण और निरंतर मेहनत के माध्यम से युवा अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। हिमांशु की सफलता से उनके परिवार को आर्थिक संबल मिला है और उनके भविष्य के प्रति नई उम्मीद जगी है। उनकी यात्रा उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के कारण अपने सपनों को पूरा करने में कठिनाई महसूस करते हैं।

“ कौशल ही आत्मनिर्भरता की पहचान है। मेहनत, लगन और तकनीकी शिक्षा के माध्यम से हर युवा अपने सपनों को साकार कर सकता है। ” हिमांशु चिड़ार की सफलता की यह कहानी कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा के महत्व को दर्शाती है और युवाओं को आईटीआई के माध्यम से रोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देती है।