जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर के निर्देश पर एक बुजुर्ग महिला को सुरक्षित रूप से उसके परिवार के सुपुर्द किया गया।
जनसुनवाई में समाजसेवी श्री दीपक दीक्षित द्वारा आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया कि सहयोग गार्डन क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला विगत एक माह से खुले में रहकर अपना जीवन यापन कर रही थी। महिला की सुरक्षा एवं उचित देखरेख को दृष्टिगत रखते हुए उसके सुरक्षित पुनर्वास के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती माथुर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशानुसार वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारियों द्वारा महिला की काउंसलिंग की गई तथा उसके परिजनों की जानकारी प्राप्त कर महिला को सुरक्षित रूप से घर पहुंचाया गया।
परिजनों द्वारा बताया गया कि महिला बुजुर्ग होने के साथ उसकी मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं है। अधिकारियों द्वारा परिजनों को महिला की समुचित देखरेख, सुरक्षा एवं पालन-पोषण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही भविष्य में महिला के इस प्रकार घर से बाहर न जाने, इसके लिए आवश्यक सावधानी एवं निगरानी रखने की समझाइश दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पर त्वरित संवेदनशील कार्रवाई से महिला को सुरक्षित वातावरण एवं पारिवारिक संरक्षण उपलब्ध कराया गया।



