कटनी (06 अक्टूबर) - सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, झिंझरी के विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत कृषि विषय का अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों का डेयरी एवं जैविक कृषि फार्म का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। प्राचार्य अजय शंकर पांडे के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने श्याम श्री गौशाला एवं जैविक कृषि फार्म का अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे ने विद्यार्थियों को केंचुआ खाद निर्माण की सामान्य एवं चार गड्ढा विधि, वर्मीवॉश निर्माण तथा फसलों में इसके उपयोग की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने जैविक पद्धति से तैयार की जा रही विभिन्न फसलों का भी अवलोकन किया। कृषक पवन कुमार पांडे ने विद्यार्थियों को गौशाला प्रबंधन, गायों की विभिन्न नस्लों जैसे साहिवाल, गिर एवं हरियाणा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने संतुलित पशु आहार, नेपियर घास, गोबर एवं गोमूत्र के जैविक खेती में उपयोग, पशुओं में होने वाले विभिन्न रोगों, उनके नियंत्रण तथा टीकाकरण की जानकारी भी दी। विद्यार्थियों को प्रकाश एवं ईंधन के उपयोग के लिए स्थापित बायोगैस संयंत्र तथा अजोला निर्माण का भी अवलोकन कराया गया। उन्हें बताया गया कि अजोला में लगभग 25 से 30 प्रतिशत प्रोटीन पाया जाता है और इसका उपयोग पशु आहार के रूप में दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए किया जाता है। धान की फसल में अजोला के उपयोग से नाइट्रोजन स्थिरीकरण में मदद मिलती है, जिससे नाइट्रोजन की आवश्यकता कम हो सकती है। इस शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को जैविक खेती, पशुपालन, वर्मी कम्पोस्ट, अजोला, बायोगैस तथा कृषि आधारित स्वरोजगार के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी प्राप्त हुई। भ्रमण के दौरान व्यावसायिक शिक्षक कुशवाहा एवं निर्मला हल्दकार उपस्थित रहे।
सेहत
सांदीपनि विद्यालय झिंझरी के विद्यार्थियों ने डेयरी एवं जैविक कृषि फार्म का किया भ्रमण जैविक खेती, वर्मी कम्पोस्ट, पशुपालन एवं बायोगैस संयंत्र की दी गई जानकारी

- पढ़ने का समय
- 3 मिनट
- तारीख
- 6 अक्टूबर 2026
- जगह
- कटनी


