उज्जैन, 6 अक्टूबर। मध्यप्रदेश जल निगम की इंदौख समूह जल प्रदाय योजना के शुरू होने से उज्जैन जिले के ग्राम कुंडीखेड़ा में पेयजल की समस्या दूर हुई है। योजना शुरू होने से पहले ग्रामीणों को करीब 2 किलोमीटर दूर कुएं और ट्यूबवेल से पानी लाना पड़ता था। पानी भरने में काफी समय और श्रम लगता था, जिससे ग्रामीणों के कृषि एवं अन्य कार्य भी प्रभावित होते थे। अब योजना के माध्यम से ग्रामीणों को घर पर ही नियमित रूप से शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है।ग्राम निवासी धनेश्वरी बाई ने बताया कि नल-जल योजना शुरू होने के बाद प्रतिदिन सुबह घर पर ही पानी मिल जाता है। इससे पानी भरने में लगने वाला समय और मेहनत दोनों बच रहे हैं। अब बच्चे भी समय पर स्कूल जा पाते हैं। उन्होंने योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मध्यप्रदेश जल निगम के प्रति आभार व्यक्त किया।ग्राम पंचायत के सरपंच श्री रमेशलाल प्रजापति ने बताया कि योजना के तहत गांव में व्यक्तिगत नल कनेक्शन के साथ स्कूल, आंगनवाड़ी, पंचायत भवन सहित अन्य शासकीय भवनों में भी नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। कालीसिंध नदी पर बने डेम में इंटेक वेल तथा झारड़ा में जलशोधन संयंत्र के माध्यम से पानी को शुद्ध कर प्रतिदिन गांव की टंकी तक पहुंचाया जा रहा है। इसके बाद घर-घर जलापूर्ति की जाती है। उन्होंने बताया कि अब ग्रामीणों को पर्याप्त मात्रा में प्रतिदिन पानी मिल रहा है और पानी भरने में बचने वाले समय का उपयोग वे कृषि एवं अन्य कार्यों में कर पा रहे हैं।ग्राम में 343 परिवार, 221 घर तथा 240 नल कनेक्शन दर्ज हैं। इंदौख समूह जल प्रदाय योजना वर्ष 2025-26 में शुरू हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि नल-जल योजना से गांव में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान हुआ है और महिलाओं एवं बच्चों को विशेष रूप से सुविधा मिली है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी
नल-जल योजना से कुंडीखेड़ा में दूर हुई पानी की समस्या घर-घर पहुंच रहा शुद्ध पेयजल, समय और श्रम की हो रही बचत
- पढ़ने का समय
- 3 मिनट
- तारीख
- 6 अक्टूबर 2026
- जगह
- उज्जैन



