सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय, बाड़कुआं रोड, झाबुआ में आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क प्रिवेंटिव स्वास्थ्य शिविर का शुभारम्भ बुधवार को महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने फीता काटकर किया। शिविर के प्रथम दिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 853 हितग्राहियों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, आवश्यक परीक्षण एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ लिया।

शिविर में श्री अरबिंदो हॉस्पिटल, इंदौर सहित विशेषज्ञ एवं सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों द्वारा कैंसर, हृदय रोग, किडनी रोग, न्यूरो रोग, पेट रोग, हड्डी रोग, स्त्री रोग, नेत्र रोग, त्वचा रोग, बाल रोग एवं मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित बीमारियों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया जा रहा है। साथ ही मैमोग्राफी, सोनोग्राफी, 2डी ईको, फाइब्रोस्कैन, ईसीजी, हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न आधुनिक जांच सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

गंभीर बीमारी मिलने पर आगे के उपचार की भी रहेगी व्यवस्था-मंत्री सुश्री भूरिया

महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन किया और स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे हितग्राहियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प और सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई हैं। श्री अरबिंदो हॉस्पिटल, इंदौर के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच एवं परामर्श दिया जा रहा है और बड़ी संख्या में नागरिक इन सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।

मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित नहीं है। जांच के दौरान जिन मरीजों को दवाइयों अथवा आगे उपचार की आवश्यकता होगी, उन्हें आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जिन मरीजों को ऑपरेशन अथवा उच्च स्तरीय उपचार की आवश्यकता होगी, उनके लिए इंदौर में उपचार की आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कैंसर सहित विभिन्न गंभीर बीमारियों की जांच की सुविधा भी शिविर में उपलब्ध है। उन्होंने जिले के नागरिकों से तीन दिवसीय शिविर का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

जिले में एक स्थान पर सुपर स्पेशलिस्ट सेवाओं की उपलब्धता-कलेक्टर डॉ. भरसट

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में निरंतर स्वास्थ्य गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 03 अक्टूबर को जिले के उप स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित शिविरों में लगभग एक लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया था। इन शिविरों में चिन्हित गंभीर रोगियों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला स्तर पर यह तीन दिवसीय वृहद प्रिवेंटिव स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया है।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने बताया कि जिन विशेष जांचों एवं विशेषज्ञ परामर्श के लिए जिले के नागरिकों को इंदौर, दाहोद अथवा अन्य बड़े शहरों में जाना पड़ता था, उनमें से अनेक सुविधाएं इस शिविर में उपलब्ध कराई गई हैं। लिवर संबंधी जांच सहित विभिन्न आधुनिक परीक्षण भी यहां किए जा रहे हैं। मानसिक रोग विशेषज्ञ सहित विभिन्न सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की सेवाएं भी नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही हैं।

तीनों दिन उपलब्ध रहेंगी कैंसर विशेषज्ञों की सेवाएं

कलेक्टर डॉ. भरसट ने बताया कि कैंसर रोगियों की जांच एवं परामर्श के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। शिविर के प्रथम दिन मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट की सेवाएं उपलब्ध रहीं, 08 अक्टूबर को सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट तथा 09 अक्टूबर को रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। शिविर में उपलब्ध चार विशेष बसों में से दो बसों में कैंसर संबंधी सैंपल लिए जा रहे हैं।

महिलाओं में पाए जाने वाले सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग एवं सैंपल लेने की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही स्तन कैंसर की समय पर पहचान के लिए मैमोग्राफी की सुविधा भी निःशुल्क प्रदान की जा रही है। शिविर में स्क्रीनिंग के दौरान चिन्हित मरीजों के आगे के उपचार को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक समन्वय किया जाएगा।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने बताया कि तीन दिवसीय निःशुल्क प्रिवेंटिव स्वास्थ्य शिविर 08 एवं 09 अक्टूबर 2026 को भी प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय, बाड़कुआं रोड, झाबुआ में जारी रहेगा। उन्होंने जिले के नागरिकों के साथ ही पत्रकार साथियों से भी शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से शिविर में अपना आयुष्मान कार्ड साथ लेकर आने तथा उपलब्ध विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।

इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी एस सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री महेश मंडलोई, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम एल चोपड़ा एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।