उज्जैन, 7 अक्टूबर। शासन के निर्देशानुसार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से प्रतिमाह युवा संगम (रोजगार, स्वरोजगार व अप्रेंटिसशिप मेले) का आयोजन जिला रोजगार कार्यालय, उज्जैन द्वारा किया जा रहा है। इसी तारतम्यता में 7 अक्टूबर 2026 को कलेक्टर महोदय के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत युवा संगम का आयोजन प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय माधव कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय परिसर, उज्जैन में किया गया।रोजगार मेले में 14 कंपनियों के 380 रिक्त पदों के लिए 515 युवक-युवतियों का पंजीयन किया गया, जिसमें से 328 युवक-युवतियों का प्रारंभिक चयन किया गया। इसके साथ ही जिला रोजगार कार्यालय द्वारा 128 आवेदकों की काउंसलिंग कर उन्हें करियर मार्गदर्शन एवं परामर्श दिया गया। साथ ही आईटीआई उज्जैन के माध्यम से अप्रेंटिसशिप में 19 युवाओं का चयन किया गया।जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा 40 आवेदकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी एवं श्रम विभाग द्वारा 30 आवेदकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। जिला स्वास्थ्य केंद्र उज्जैन, जिला उज्जैन द्वारा 50 हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं में सितंबर माह में 1607 हितग्राही लाभान्वित हुए।युवा संगम रोजगार मेले का औपचारिक शुभारंभ डॉ. कल्पना सिंह, प्राचार्य, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय माधव कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, उज्जैन एवं श्री विजेंद्र बिजोलिया, रोजगार अधिकारी, जिला रोजगार कार्यालय, उज्जैन द्वारा किया गया।